भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल सोमवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र के धारटी क्षेत्र के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने धौण, पंजाहल, बनेठी, चाकली, निहोग और कौलांवाला भूड़ गांवों में लोगों की समस्याएं सुनीं और हालिया भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आई आपदा से व्यापक स्तर पर जन-धन की हानि हुई है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं हिमाचल पहुंचे और आपदा प्रभावितों से मुलाकात कर उनका दुख साझा किया, साथ ही राज्य को 1500 करोड़ रुपये की फौरी आपदा राहत राशि भी उपलब्ध करवाई। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भाजपा परिवार पूरी मजबूती के साथ प्रभावितों के साथ खड़ा है।
डॉ. बिंदल ने धारटी क्षेत्र में भारी बारिश से बर्बाद हुई फसलों पर चिंता जताई और किसानों से आग्रह किया कि वे अपनी फसलों के नुकसान की जानकारी समय पर कृषि और राजस्व विभाग को दें, ताकि उन्हें उचित मुआवजा मिल सके। उन्होंने ग्रामीण सड़कों के लंबे समय से बंद रहने पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि इससे स्थानीय लोगों का जनजीवन ठप हो गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि बंद सड़कों को शीघ्र खोलकर आम जन को राहत दी जाए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर और अन्य सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। डॉ. बिंदल ने बताया कि सेवा पखवाड़े के तहत नाहन विधानसभा क्षेत्र में तीन नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। ये शिविर भाजपा धारटी मंडल, माता त्रिलोकपुर मंडल और माता कटासन मंडल द्वारा श्री साईं मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल, नाहन के सौजन्य से लगाए जाएंगे। इनमें पंजाहल में 20 सितंबर, कौलांवाला भूड़ में 21 सितंबर और हरिपुर खोल में 25 सितंबर को शिविर आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि हालिया आपदा के बीच ये मेडिकल शिविर ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे और उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाएंगे।







