Ambala Flood : हाल ही में अंबाला में हुई भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिल रही है, जिसके चलते लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस आपदा का असर वृद्ध आश्रम में रह रहे बुजुर्गों पर भी पड़ा है। जलभराव के चलते उन्हें अपने आश्रय स्थान से हटाकर अस्थायी रूप से रेन बसेरे में शिफ्ट किया गया है।
बुजुर्गों ने बताया कि पिछले दिनों हुई भारी बारिश के चलते वृद्ध आश्रम में बाढ़ का पानी घुस आया था, जिससे वहां रहना काफी मुश्किल हो गया। ऐसे में प्रशासन ने हालात को देखते हुए सभी बुजुर्गों को अंबाला छावनी स्थित बस स्टैंड के पास बने रेन बसेरे में शिफ्ट कर दिया।
Ambala Flood : रेन बसेरे में पानी की कमी
हालांकि बाढ़ पीड़ित इन बुजुर्गों को अस्थायी रूप से रेन बसेरे में रहने की जगह मिल गई, लेकिन अब वहां उन्हें पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। बुजुर्गों ने बताया कि नहाने और अन्य जरूरी कामों के लिए पानी की भारी किल्लत हो रही है, जिससे उन्हें और भी परेशानियां झेलनी पड़ रही है।
रेड क्रॉस के इंचार्ज मनोज कुमार सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि वृद्ध आश्रम में पानी भरने के कारण सभी बुजुर्गों को रेन बसेरे में सुरक्षित स्थान पर ठहराया गया है। उन्होंने बताया कि जैसे ही हालात सामान्य होंगे, बुजुर्गों को वापस उनके पुराने स्थान पर भेज दिया जाएगा। रेन बसेरे में पानी की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया है और जल्द ही इसका समाधान किया जाएगा।
वहीं, संकट की इस घड़ी में इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए अंबाला जिले के नारायणगढ़ कस्बे के मुस्लिम समुदाय ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत भेजी है। नारायणगढ़ स्थित मदरसा जीनत-उल-उलूम की अपील पर समुदाय ने एकजुटता दिखाते हुए राहत सामग्री इकट्ठा की और 10 वाहनों के जरिए बुधवार को यह सामग्री पंजाब रवाना की।
