पंजाब के लिए पिछला एक महीना बहुत ही दुखदायी रहा है, क्योंकि राज्य के 23 ज़िलों में भारी बारिश के चलते बाढ़ के हालात बने हुए है। भारी मानसूनी बारिश के चलते नदियाँ उफान पर हैं और बाँधों से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। इससे 1,600 से अधिक गाँव प्रभावित हुए हैं और फसलों और पशुधन को भारी नुकसान पंहुचा है। बारिश और बाढ़ के चलते लाखों ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 40 लोगों की जान जा चुकी है और कई लोग बेघर हो गए हैं।
कई लोगों के खेत बर्बाद हुए तो कई लोगों के घर चले गए। सरकार द्वारा राहत और पुनर्वास के लिए तत्काल राहत राशि जारी की गई है। इसी बीच देश की कई जानी-मानी हस्तियों ने भी मदद का हाथ बढ़ाया है। अब इस सूची में बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान का भी नाम जुड़ गया है। स्थानीय गैर-सरकारी संगठनों के साथ साझेदारी करते हुए शाहरुख की मीर फाउंडेशन द्वारा आवश्यक राहत किट वितरित कीं गई।
बाढ़ प्रभावित 500 घरों को गोद ले सकते हैं शाहरुख खान
आपको बता दें इनमें दवाइयाँ, स्वच्छता संबंधी सामग्री, खाने-पीने की चीज़ें, मच्छरदानी, तिरपाल, फोल्डिंग बेड, सूती गद्दे एवं अन्य ज़रूरी चीज़ें थीं। यह विचारशील पहल के माध्यम से अमृतसर, पटियाला, फाज़िल्का और फिरोजपुर जिलों के 1,500 परिवारों को तत्काल स्वास्थ्य, सुरक्षा और आश्रय प्रदान किया जायेगा। एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि शाहरुख अमृतसर में बाढ़ प्रभावित 500 घरों को गोद लेने वाले हैं।
शाहरुख खान से पहले अक्षय कुमार ने राहत कार्यों के लिए 5 करोड़ रूपये देने का ऐलान करते हुए कहा कि यह कोई दान नहीं, बल्कि सेवा है। वहीं इसके अलावा अभिनेता सलमान खान द्वारा राहत कार्यों में सहायता के लिए 5 बचाव नावें पंजाब भेजी गई। खबर के मुताबिक सलमान की फाउंडेशन ‘बीइंग ह्यूमन’ भी गाँवों को गोद लेने वाली है। इस महीने की शुरुआत में शाहरुख ने पंजाब की स्थिति पर ट्वीट करते हुए कहा कि पंजाब में इस विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए वह प्रार्थना करेंगे।
