Himachal News:सोलन /भाजपा जिला सोलन द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने विशेष रूप से भाग लेकर देशभक्ति के जज्बे को बुलंद किया। सोलन के माल रोड से शुरू हुई यह तिरंगा यात्रा भारत माता की जय के उद्घोषों से गूंज उठी। हजारों कार्यकर्ताओं, युवा, बुजुर्ग, माताओं और बहनों ने इस राष्ट्र प्रेम से ओतप्रोत यात्रा में हिस्सा लिया।
Himachal News: कार्यकर्ताओं ने किया जबरदस्त स्वागत
राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त स्वागत किया। नड्डा एक ओपन जीप में यात्रा करते हुए एक-एक कार्यकर्ता से हाथ मिलाते हुए संवाद करते नजर आए, जिससे कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर सोलन में बड़ी संख्या में सामाजिक एवं सेवा संस्थाएं भी मौजूद थीं, जिन्होंने मिलकर सेना के अदम्य साहस और देश की सुरक्षा में अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
Himachal News:सोलन के माल रोड में जोश और देशभक्ति का जुनून उमड़ा
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिन्दल ने कहा, “सोलन के माल रोड में जोश और देशभक्ति का जुनून उमड़ा। यह यात्रा न केवल राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है, बल्कि हमारे सैनिकों के मनोबल को भी सशक्त बनाने का अवसर है। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश और देश के विकास की दिशा में काम कर रहे हैं।”
डॉ. बिन्दल ने प्रदेश सरकार पर भी कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विमल नेगी की मृत्यु मामले की जांच में सहयोग से प्रदेश सरकार पीछे हट रही है। “पैन ड्राइव के डाटा को गायब करने का मामला गंभीर है। पुलिस अधीक्षक द्वारा हाईकोर्ट में सीबीआई के खिलाफ दायर की गई पैटिशन को जनता के दबाव में वापस लेना प्रदेश की कानून व्यवस्था की पोल खोलता है। प्रदेश में बढ़ते अपराधों – खून, बलात्कार, डकैती और ड्रग्स के मामलों से जनता चिंतित है और इसके लिए सरकार को जिम्मेदार मानती है।”
इस मौके पर प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, सांसद सुरेश कश्यप, डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, सुरेश चंदेल, जिला अध्यक्ष रतन पाल, मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता और अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।







