भारत के अनुभवी लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने गुरुवार को 42 साल की उम्र में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से सन्यास लेने की घोषणा कर दी है। आपको बता दें मिश्रा ने अपने सोशल मीडिया पर कहा कि वह 25 साल के बाद क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर रहे हैं। उन्होंने क्रिकेट को अपना पहला प्यार, शिक्षक और अपनी खुशी का सबसे बड़ा स्रोत बताया। इसी के साथ उन्होंने BCCI, हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन, अपने कोचों एवं सहकर्मियों सहित प्रशंसकों का तहे दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके संघर्षों और मैदान पर बिताए अविस्मरणीय पलों ने उन्हें एक क्रिकेटर और इंसान के रूप में आकार दिया।
इसी के साथ उन्होंने अपने परिवार का मुश्किल समय में मजबूती से साथ खड़े रहने के लिए धन्यवाद किया। आपकी जानकारी के लिए बता दें अमित मिश्रा ने साल 2024 से ही कोई प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट मैच नहीं खेला है। आखिरकार उन्होंने 4 सितंबर 2025 को अपने क्रिकेट करियर को समाप्त करते हुए 42 की उम्र में रिटायरमेंट ले लिया है।

कुछ ऐसा रहा है अमित मिश्रा का करियर
आपको बता दें मिश्रा ने साल 2003 में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। 2003 से 2017 तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वह 22 टेस्ट मुकाबलों में 76 विकेट, 36 वनडे मुकाबलों में 64 विकेट और 10 T20 मुकाबलों में 16 विकेट ले चुके हैं। इसके अलावा उनके नाम टेस्ट में 648 रन हैं, जिसमें चार अर्धशतक शामिल हैं। इतना ही नहीं आपकी जानकारी के लिए बता दें 42 वर्षीय अमित मिश्रा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में तीन बार हैट्रिक लेने वाले इकलौते भारतीय गेंदबाज हैं।
उन्होंने अपना आखरी प्रतिस्पर्धी मैच आईपीएल 2024 में खेला था जब वह लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा थे। अगर बात करें उनके IPL करियर की तो वह दिल्ली डेयरडेविल्स, डेक्कन चार्जर्स, सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा रह चुके हैं। वह IPL 2022 को छोड़कर टूर्नामेंट के सभी सीजन का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने अपने IPL करियर के दौरान कुल 162 मुकाबलों में 174 विकेट चटकाए हैं।







