अगर आप भी HRTC की बसों में दिल्ली के लिए यात्रा करने का सोच रहे हैं, तो आपको बता दें कृषि कानून को लेकर किसानों के दिल्ली कूच के चलते HRTC द्वारा दिल्ली के लिए बस सेवाएं बंद कर दी गई हैं। आपको बता दें Farmers Protest की वजह से दिल्ली पुलिस द्वारा दिल्ली की सीमाओं को सील कर दिया गया है, जिसकी वजह से एच.आर.टी.सी. ने मंगलवार से दिल्ली जाने वाली सभी बसों को रोक दिया है।
जानकरी के लिए बता दें मंगलवार दोपहर 3 बजे के बाद से हिमाचल प्रदेश से दिल्ली जाने वाली एक भी बस रवाना नहीं हुई। HRTC के अधिकारियों द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि Farmers Protest के चलते दिल्ली में प्रवेश की इजाजत नहीं मिल रही। इसकी वजह से यात्रियों को रास्ते में जाम आदि समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही दिल्ली सीमाएं सील होने के चलते लोगों को काफी असुविधा हो रही है।
Farmers Protest के चलते चंडीगढ़ तक ही जा रही बसें
इसी के चलते HRTC द्वारा फैसला लिया गया है कि दिल्ली जाने वाली सभी बस सेवाएं चंडीगढ़ तक ही चलाई जाएंगी। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली से आने वाली बसें दिल्ली में ही खड़ी हैं। अधिकारियों ने जानकारी दी कि पंजाब और हरियाणा की बसें भी चंडीगढ़ तक ही चलाई जा रही हैं और हरियाणा पुलिस के निर्देश मिलने के बाद ही बसें दिल्ली भेजी जाएगी।
यात्रा पर जाने से पहले कर लें संपर्क
HRTC प्रबंधन द्वारा दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें निगम ने यात्रियों को चंडीगढ़ से दिल्ली के बीच बस यात्रा करने से पहले नजदीकी बस अड्डे से सूचना प्राप्त करने के लिए कहा है। इसके अलावा अगर यात्री चाहें तो एच.आर.टी.सी. कंट्रोल रूम नंबर 0177- 2658765 पर साल करके भी संपर्क कर सकते हैं।
