
Indore News : दिव्य कला मेला इंदौर में 20 राज्यों से आए दिव्यांगजन ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
21 जून, 2023, इंदौर
दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा इंदौर के साउथ तुकोगंज स्थित ग्रामीण हाट बाजार में दिव्यांगजन के लिए राष्ट्रीय स्तर का मेला लगाया गया है। इस मेले का उद्घाटन दिनांक 17 जून, 2023 को हुआ था। आज 21 जून 2023 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 11 से 12 बजे तक योगा प्रोटोकॉल तथा योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस योगाभ्यास कार्यक्रम को दिव्यांगजन तथा आम जनता में जागरूकता फैलाने के मकसद से लाइव स्ट्रीमिंग किया गया। योगाभ्यास कार्यक्रम में इंदौर के सांसद श्री शंकर लालवानी जी, प्रसिद्ध समाजसेवी तथा उत्तर प्रदेश सरकार में सलाहकार श्री उत्तम ओझा जी, मध्य प्रदेश राज्य में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन विभाग की संयुक्त संचालक श्रीमती सुचिता तिर्की, एनएचएफडीसी के जीएम श्री अनिल कुमार, मुख्य प्रबंधक श्री अरुण कुमार तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

योग प्रोटोकॉल, योगाभ्यास तथा प्राणायाम कार्यक्रम का संचालन दृष्टि बाधित प्रोफेसर डॉक्टर मनीष चौधरी द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम शुरुआत दृष्टि बाधित कलाकार द्वारा गाई गणेश वंदना से हुई। 20 राज्यों से आए दिव्यांगजन उनके सहायकों के अलावा मेले में आई आए नागरिकों ने भी योगाभ्यास किया। इस मौके पर इंदौर के सांसद श्री शंकर लालवानी जी ने सभा को संबोधित करते हुए योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इंदौर की जनता से अपील की कि वे ग्रामीण हाट में चल रहे दिव्य कला मेला में आकर दिव्यांगजन को प्रोत्साहित करें। कार्यक्रम के स्टेज पर प्रधानमंत्री मोदी जी तथा केंद्रीय मंत्री डॉक्टर वीरेंद्र कुमार के योग दिवस पर दिए गए वीडियो संदेश को भी डिस्प्ले किया गया। दिव्य कला मेला में योगाभ्यास करने वाले भागीदारों को दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की तरफ से फ्री में योगा मैट, टी शर्ट्स तथा रिफ्रेशमेंट वितरित की गई। दिव्य कला मेले में दिन भर योग दिवस से संबंधित अवेयरनेस सेल्फी कैम्पेन भी चलाया गया। गौरतलब है कि यह मेला दिव्यांगजन को उद्यमी और शिल्पकार के रूप में विकसित करने तथा उन्हें विकास का मौक़ा देने की कोशिश है। इस तरह के मेलों और प्रदर्शनियों में दिव्यांगजनों को स्टॉल नि:शुल्क आवंटित किये जाते हैं ताकि अपनी प्रतिभा को बड़े शहर और बड़े मंच में प्रदर्शित कर सके। इस मेले में लगभग 20 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 100 से अधिक दिव्यांग कारीगर/कलाकार और उद्यमी अपने उत्पादों और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं । इस मेले में देश भर के स्वादिष्ट व्यंजन का स्वाद लिया जा सकता है और प्रतिदिन शाम को 6 से 10 बजे तक राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्टीय स्तर के कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जा रहे हैं। विभिन्न राज्यों के दिव्यांगजन तथा इंदौर शहर के स्थानीय कलाकारों द्वारा भी मेले के मंच पर प्रस्तुतियां दी गई जिसे लोगो द्वारा काफी सराहा गया। मेले में स्टॉल नंबर 66 पर सीआरसी भोपाल द्वारा दिव्यांगजन के यूडीआईडी कार्ड बनाने के लिए पंजीकरण किया जा रहा है। मेले में मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक के अधिकारियों द्वारा दिव्यांगजन को लोन देने के संबंध में पंजीकरण किया जा रहा है तो अलिम्को दिव्यांगजन को सहायक उपकरण बांटने के लिए पंजीकरण कर रहा है।

Indore News :
अब तक मेले में मध्य प्रदेश के प्रिंसिपल सेक्रेटरी तथा कमिश्नर, सोशल जस्टिस डिपार्टमेंट, श्री ई. रमेश जी तथा कई अन्य अधिकारियों द्वारा मेले में पहुंच कर दिव्यांगजन की हौंसला अफजाई की गई। उन्होंने स्टाल विजिट के दौरान दिव्यांगजन से जुड़े मामलों के बारे में स्थानीय अधिकारियों को निर्देश भी दिए। भारत सरकार के निगम नेशनल हैंडीकैप्ड फाइनैंस एंड डिवैल्पमेंट कार्पोरेशन को इस मेले की नोडल एजेंसी बनाया गया है। इस मेले के ज़रिए दिव्यांगजन की सृजनात्मक प्रतिभा को उभारने तथा उनके आर्थिक सशक्तिकरण का कार्य किया जा रहा है। दिव्य कला मेले के बारे में श्री अरुण कुमार, मुख्य प्रबंधक ने बताया कि इस मेले के ज़रिए दिव्यांगजन के प्रोडक्ट्स की मार्केटिंग की जा रही है। दिव्य कला मेला के ब्रेंड नेम से देश भर में राष्ट्रीय स्तर के मेले आयोजित किए जा रहे हैं। ये मेले हुनरमंद दिव्यांगजन की क़ाबलियत को देश और दुनिया के सामने ला रहे हैं। उन्होंने एनएचएफडीसी द्वारा दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण हेतु एनएचएफडीसी द्वारा चलाई जा रही आर्थिक सशक्तिकरण की योजनाओं के बारे में भी बताया। निगम की योजनाओं के तहत दिव्यांगजन को विभिन्न आय सृजन गतिविधियों के लिए पचास हज़ार रूपये से पचास लाख रूपये तक के ऋण प्रदान किए जाते है। ये ऋण 4 % सालाना से 9% की ब्याज दर पर उपलब्ध कराए जाते हैं। उन्होंने बताया कि निगम अपनी ऋण योजनाओं को विभिन्न राज्यों में मौजूद अपनी स्टेट चैनेलाइजिंग एजेंसियों, पंजाब नेशनल बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के ज़रिए अमली जामा पहनाता है। निगम की योजनाओं की जानकारी निगम की वेबसाइट http://www.nhfdc.nic.in पर उपलब्ध है। इस मेले में दिव्यांगजन के हितों से जुड़ी सरकारी तथा गैर सरकारी संस्थाओं द्वारा भी अपनी योजनाओं के बारे में बताया जा रहा है।

गौरतलब है कि इस मेले का उद्घाटन के लिए माननीय केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार द्वारा इंदौर के सांसद श्री शंकर लालवानी तथा इंदौर के विधायक श्री आकाश विजयवर्गीय की उपस्थिति में किया गया था। दिव्यांग उद्यमियों, शिल्पकारों और कलाकारों का यह राष्ट्रीय मेला 23 जून 2023 तक चलेगा। इस मेले में सभी के लिए एंट्री फ्री रखी गई है।







