नाहन, हमीरपुर से सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने जिला सिरमौर के माजरा स्थित एस्ट्रोट्रफ मैदान की बदहाली पर गहरी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल को यह आधुनिक एस्ट्रोट्रफ मैदान उपलब्ध करवाया गया था, ताकि राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ी, विशेषकर बेटियां, बेहतर सुविधाओं के साथ अभ्यास कर सकें और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करें।

अनुराग ठाकुर ने बताया कि करीब 6-7 करोड़ रुपये की लागत से बना यह मैदान आज पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित है। उन्होंने कहा, “माजरा में बने एस्ट्रोट्रफ पर सिर्फ एक बिजली कनेक्शन लगाने से पानी की व्यवस्था संभव है, लेकिन दुर्भाग्यवश कांग्रेस सरकार यह छोटा-सा कार्य भी नहीं कर सकी।”
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की उपेक्षा के चलते न केवल एस्ट्रोट्रफ मैदान खराब हो रहा है, बल्कि उस पर अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को भी पर्याप्त लाभ नहीं मिल पा रहा है। विशेषकर लड़कियों को बिना पानी की सुविधा के कठिन परिस्थितियों में अभ्यास करना पड़ रहा है, जो चिंता का विषय है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार खुद तो ऐसे मैदान बनाने की स्थिति में नहीं है, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से दिए गए मैदान की देखभाल में भी पूरी तरह असफल रही है। उन्होंने इस स्थिति को “खिलाड़ियों के साथ अन्याय और सरकारी बेरुखी का उदाहरण” बताया।
पूर्व मंत्री ने मांग की कि प्रदेश सरकार को जल्द से जल्द मैदान में बिजली कनेक्शन प्रदान कर पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें और एस्ट्रोट्रफ की गुणवत्ता भी बनी रहे।
Read more अगली गलती पर पाकिस्तान में नहीं मिलेंगे जनाज़े उठाने और उन पर रोने वाले: अनुराग सिंह ठाकुर







