Politics: प्रदेश में आचार संहिता के लिए प्रतिभा सिंह ने लगाई गुहार, कहा कार्यकाल खत्म होने में बचा कम समय

Politics: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने चुनाव आयोग से आग्रह किया है कि वह प्रदेश में चुनाव की तिथि घोषित कर आदर्श आचार संहिता को तुरंत लागू करें।
उन्होंने कहा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यकाल को 2 महीने से कम का समय रह गया है। इसके चलते भाजपा अपने राजनीतिक लाभ के लिए सरकारी मशीनरी के साथ सत्ता का खुलकर दुरुपयोग कर रही हैं।
प्रतिभा सिंह ने सरकारी खर्च पर भाजपा के केंद्रीय मंत्रियों नेताओं के आने और उनके आवभगत पर हो रहे सरकार के करोड़ों खर्च पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि चुनाव आयोग को इसका संज्ञान लेते हुए सरकार को मशीनरी के दुरुपयोग पर तुरंत रोक लगानी चाहिए।

प्रतिभा सिंह ने इस संदर्भ में चुनाव आयोग को इस ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि सत्ता के दुरुपयोग के साथ-साथ प्रदेश में भाजपा आजादी के अमृत महोत्सव के आयोजन के नाम पर अपनी पार्टी के झंडे तले कर रहे हैं। उन्होंने चुनाव प्रचार पर कड़ा ऐतराज जताया है।

इस आयोजन पर उन्होंने रोक लगाने की मांग चुनाव आयोग से की है। उन्होंने चुनाव आयोग से प्रदेश में आदर्श आचार संहिता को लगाने तथा उसका पालन करने के लिए सुनिश्चित करने को कहा है।
प्रतिभा सिंह ने चुनाव आयोग में ईवीएम पर भी कड़ी नजर रखने के साथ-साथ उसकी सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए कहा है। जिससे उसमें कोई सेंधमारी ना हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बर्फीले क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी से पहले प्रदेश में एक साथ चुनाव कराए जाने चाहिए।